गोकुल नगर गली नंबर 02 में बिना फेंसिंग के रास्ते पर खुला पड़ा है भारी भरकम ट्रांसफार्मर, मंडरा रहा है जान का खतरा।
मासूम बच्चों और आम जनता की सुरक्षा को लेकर स्थानीय पार्षद, विधायक और बिजली विभाग पूरी तरह निष्क्रिय: 'आप' नेता मिथलेश साहू।
रायपुर, 29 मई 2026: आम आदमी पार्टी छत्तीसगढ़ के प्रदेश उपाध्यक्ष सोशल मीडिया और छाया पार्षद मिथलेश साहू ने रायपुर के गुढ़ियारी अंतर्गत गोकुल नगर, गली नंबर 02 में बिजली विभाग की घोर लापरवाही और स्थानीय जनप्रतिनिधियों की निष्क्रियता पर गहरी चिंता और आक्रोश व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि रिहायशी इलाके के मुख्य रास्ते पर खुला पड़ा बिजली का ट्रांसफार्मर किसी बड़े हादसे को खुला आमंत्रण दे रहा है, लेकिन जिम्मेदार कुंभकर्णी नींद में सोए हुए हैं।
'आप' नेता मिथलेश साहू ने जारी बयान में कहा कि गोकुल नगर की घनी आबादी वाली इस गली में ट्रांसफार्मर के चारों तरफ न तो कोई लोहे की जाली लगाई गई है और न ही कोई सुरक्षा रेलिंग है। वर्तमान में यह पूरी तरह से खुला और असुरक्षित है। इस मार्ग से दिनभर महिलाओं, बुजुर्गों, मासूम बच्चों और मवेशियों का आना-जाना होता है। बच्चे अक्सर वहीं आसपास खेलते हैं। बिजली विभाग की यह लापरवाही किसी भी दिन किसी बेकसूर की जान ले सकती है।