भिलाई, 3 नवंबर 2026। भिलाई इस्पात संयंत्र (बीएसपी) की टाउनशिप में रहने वाले हजारों परिवारों के लिए एक राहत भरी खबर सामने आई है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की पहल पर आयोजित उच्चस्तरीय बैठक के बाद बीएसपी प्रबंधन ने रिटेंशन स्कीम तथा थर्ड पार्टी श्रेणी के आवासों का किराया घटाकर 6 रुपए प्रति वर्गफीट प्रतिमाह कर दिया है। इस बड़े फैसले से भिलाई के करीब 4,000 आवासधारियों, विशेषकर सेवानिवृत्त कर्मचारियों और उनके परिवारों को भारी आर्थिक राहत मिलेगी।

फैसले के बाद भिलाई स्टील प्लांट के सेवानिवृत्त कार्मिक कल्याण संघ और थर्ड पार्टी कल्याण संघ के पदाधिकारियों ने रायपुर स्थित मुख्यमंत्री निवास में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय से सौजन्य मुलाकात की। इस दौरान उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा, कैबिनेट मंत्री गजेंद्र यादव, पूर्व विधानसभा अध्यक्ष प्रेमप्रकाश पाण्डेय, विधायक ललित चंद्राकर और रिकेश सेन सहित दुर्ग-भिलाई के कई जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।

संशोधित आदेश के अनुसार, रिटेंशन स्कीम के तहत आवासों का मासिक किराया जो पहले 24 रुपए प्रति वर्गफीट था, उसे घटाकर अब 6 रुपए कर दिया गया है। इससे आवासधारियों को सीधे 75 प्रतिशत की बड़ी राहत मिली है, जबकि थर्ड पार्टी श्रेणी के आवासों का किराया 8 रुपए से घटाकर 6 रुपए प्रति वर्गफीट कर दिया गया है।

इस नई संशोधित व्यवस्था से बीएसपी टाउनशिप के कुल 3,946 आवासधारियों (रिटेंशन श्रेणी के 1,158 और थर्ड पार्टी श्रेणी के 2,788 आवास) को सीधा लाभ पहुँचेगा। इसके साथ ही, पूर्व अवधि के अधिक जमा किराए की पुनर्गणना और उसके समायोजन का भी प्रावधान किया गया है।