गरियाबंद, 3 नवंबर 2026। छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर आयोजित राज्योत्सव-2026 निर्माण श्रमिकों और उनके परिवारों के लिए बड़ी आर्थिक सौगात लेकर आया है। राज्य शासन की विभिन्न श्रमिक कल्याणकारी योजनाओं के तहत प्रदेशभर के 54 हजार 84 हितग्राहियों के बैंक खातों में प्रत्यक्ष लाभ अंतरण (DBT) के माध्यम से 16 करोड़ 94 लाख रुपये से अधिक की सहायता राशि सीधे अंतरित की गई है।
गरियाबंद जिला मुख्यालय स्थित पुलिस परेड ग्राउंड में आयोजित जिला स्तरीय राज्योत्सव समारोह के दौरान राजस्व एवं आपदा प्रबंधन मंत्री टंक राम वर्मा ने विभिन्न योजनाओं के हितग्राहियों को सहायता राशि के चेक वितरित किए। इस अवसर पर गरियाबंद जिले के 928 श्रमिक हितग्राहियों के खातों में कुल 24 लाख 78 हजार 500 रुपये की राशि पहुँचाई गई।
श्रम विभाग के अनुसार, छत्तीसगढ़ भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण मंडल द्वारा पंजीकृत श्रमिकों के लिए कुल 14 कल्याणकारी योजनाएं संचालित की जा रही हैं। इनमें मुख्यमंत्री नोनी बाबू मेधावी शिक्षा सहायता योजना, नोनी सशक्तिकरण सहायता योजना, मिनीमाता महतारी जतन योजना और श्रमिक सियान सहायता योजना शामिल हैं।
इन योजनाओं के माध्यम से श्रमिक परिवारों के बच्चों की उच्च शिक्षा, बेटियों के विवाह व सशक्तिकरण, मातृत्व सहायता और आकस्मिक परिस्थितियों में सामाजिक सुरक्षा सुनिश्चित की जा रही है। राशि सीधे बैंक खातों में आने से पूरी प्रक्रिया में पारदर्शिता बनी हुई है।
समारोह में सहायता राशि प्राप्त करने वाले श्रमिकों ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए राज्य शासन और जिला प्रशासन के प्रति आभार प्रकट किया। इस दौरान स्थानीय जनप्रतिनिधि और प्रशासनिक अधिकारी भी उपस्थित रहे।