बिलासपुर / रायपुर, 3 नवंबर 2026। राज्यपाल रमेन डेका ने कहा है कि युवा आत्मविश्वास, निरंतर प्रयास और अपनी विशिष्ट प्रतिभा के बल पर जीवन में आगे बढ़ें। असफलता से घबराने के बजाय गलतियों से सीखकर पुनः प्रयास करें और शिक्षा का उपयोग समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाने के लिए करें। राज्यपाल आज पंडित सुंदरलाल शर्मा मुक्त विश्वविद्यालय, छत्तीसगढ़, बिलासपुर के सप्तम दीक्षांत समारोह को अध्यक्षीय आसंदी से संबोधित कर रहे थे।

समारोह में पिछले पांच वर्षों के 24,800 विद्यार्थियों को स्नातक, स्नातकोत्तर एवं डिप्लोमा की उपाधियां प्रदान की गईं। इस दौरान विश्वविद्यालय की उन्नत आधिकारिक वेबसाइट का लोकार्पण और स्मारिका ‘अभ्युदय’ का विमोचन किया गया। साथ ही, एकलव्य विद्यालय देवपहरी के 311 विद्यार्थियों को पठन-पाठन सामग्री व अन्य वस्तुएं वितरित की गईं।

राज्यपाल रमेन डेका ने विद्यार्थियों को बधाई देते हुए कहा कि मुक्त विश्वविद्यालय दूरस्थ क्षेत्रों तक शिक्षा का विस्तार करने में अहम भूमिका निभा रहे हैं। उन्होंने युवाओं से डिजिटल उपकरणों के विवेकपूर्ण उपयोग और समय के सार्थक इस्तेमाल का आह्वान किया।

समारोह में उपस्थित उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने उपाधि प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने विश्वविद्यालय को नैक (NAAC) की ‘ए प्लस’ ग्रेडिंग मिलने पर बधाई देते हुए कहा कि यह संस्थान उन लोगों के सपनों को साकार कर रहा है जो नियमित अध्ययन नहीं कर पाते।

इस अवसर पर विधायक धरमलाल कौशिक और सुशांत शुक्ला, महापौर पूजा विधानी, हरियाणा राज्य उच्च शिक्षा परिषद के अध्यक्ष कैलाश चंद्र शर्मा (मुख्य वक्ता), नेक अध्यक्ष नागेश्वर राव, और विश्वविद्यालय के कुलपति वीरेंद्र कुमार सारस्वत सहित कई गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में विश्वविद्यालय के कुलपति ने संस्थान की प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत की और सभी अतिथियों व विद्यार्थियों का आभार व्यक्त किया।