Raipur News: रायपुर नगर पालिक निगम के आयुक्त संबित मिश्रा ने निगम मुख्यालय भवन महात्मा गाँधी सदन के तृतीय तल सभाकक्ष में साप्ताहिक टीएल समयसीमा की बैठक ली। इस बैठक में उन्होंने विभिन्न विषयों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को कड़े निर्देश जारी किए। बैठक में अपर आयुक्त लोकेश्वर साहू, पंकज के शर्मा, विनोद पाण्डेय, कृष्णा खटीक, मुख्य अभियंता संजय बागड़े सहित सभी जोन कमिश्नर, उपायुक्त और कार्यपालन अभियंता उपस्थित रहे।
बैठक में राजस्व वसूली को लेकर आयुक्त ने सख्त रुख अपनाया। उन्होंने सभी जोन कमिश्नरों को निर्देश दिया कि रायपुर नगर निगम के जितने भी बड़े बकायादार हैं, उन्हें तत्काल नोटिस जारी किया जाए और उनसे संपूर्ण बकाया राजस्व वसूलने के लिए नियमानुसार कड़ी से कड़ी कार्रवाई की जाए। निगम हित में राजस्व अमले को लगातार फोकस करने के निर्देश दिए गए हैं।
निगम आयुक्त ने शहर के सभी 10 जोनों को मिलाकर प्रतिदिन कुल 1 करोड़ रुपये का राजस्व वसूलने का भारी-भरकम लक्ष्य निर्धारित किया है। इसके साथ ही उन्होंने आम जनता को राहत देते हुए कहा कि जो भी संपत्ति करदाता आगामी 30 जून 2026 तक वर्ष 2026-27 का संपत्ति कर अदा करेंगे, उन्हें टैक्स में 6.25 प्रतिशत की छूट का लाभ दिया जाएगा। अधिकारियों को इस छूट का प्रचार कर अधिकाधिक राजस्व वसूलने कहा गया है।
आने वाले मानसून को देखते हुए आयुक्त संबित मिश्रा ने शहर में जलभराव की समस्या से निपटने और भूजल स्तर सुधारने के लिए भी बड़ी योजना बनाई है। उन्होंने सभी जोन कमिश्नरों को निर्देशित किया है कि मानसून की पहली बारिश के पूर्व शहर में अधिक से अधिक स्थानों पर वर्षा जल संचयन हेतु 'रैन वाटर हार्वेस्टिंग सिस्टम' लगाना सुनिश्चित करें। विशेष रूप से उन इलाकों को चिन्हित करने को कहा गया है जहां हर साल पानी भर जाता है, ताकि वहां प्राथमिकता से यह सिस्टम लगाया जा सके।
इसके अलावा, शहर के विकास और कानून व्यवस्था को लेकर भी आयुक्त ने सख्त हिदायत दी है। उन्होंने सभी जोन कमिश्नरों को दो टूक शब्दों में कहा है कि रायपुर नगर निगम क्षेत्र के अंतर्गत जितने भी अवैध निर्माण के प्रकरण हैं, उन पर नियमानुसार प्रक्रिया के तहत तत्काल और कड़ी कार्रवाई की जाए।