रायगढ़ न्यूज़: रायगढ़ जिले के नगर पंचायत पुसौर स्थित शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में 30 जुलाई 2026 को जिला स्तरीय शाला प्रवेशोत्सव-2026 गरिमामय और उत्साहपूर्ण वातावरण में आयोजित किया गया। कार्यक्रम में प्रदेश के वित्त मंत्री एवं रायगढ़ विधायक ओ.पी. चौधरी मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। इस दौरान मंत्री चौधरी ने 50 लाख रुपये की लागत से बनने वाले विकासखंड शिक्षा अधिकारी (BEO) कार्यालय भवन का भूमिपूजन किया और नवप्रवेशी विद्यार्थियों को तिलक लगाकर, पाठ्यपुस्तकें व गणवेश बांटकर उनका आत्मीय स्वागत किया।

समारोह को संबोधित करते हुए वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने कहा कि विद्यालय में पहला कदम किसी भी बच्चे के उज्ज्वल भविष्य की नींव होता है। शिक्षा केवल व्यक्ति का जीवन ही नहीं, बल्कि पूरे समाज की दिशा बदलने की सबसे बड़ी ताकत है। उन्होंने अपने आईएएस बनने के संघर्षपूर्ण सफर का उदाहरण देते हुए विद्यार्थियों से अभी से लक्ष्य निर्धारित कर अनुशासित और समर्पित होकर मेहनत करने का आह्वान किया। मंत्री ने आश्वस्त किया कि आर्थिक अभाव किसी भी प्रतिभावान छात्र की राह में बाधा नहीं बनेगा। उन्होंने बताया कि पुसौर में नर्सिंग कॉलेज और नालंदा परिसर का निर्माण भी कराया जा रहा है।

कार्यक्रम के दौरान कलेक्टर मयंक चतुर्वेदी ने अभिभावकों से बच्चों के अध्ययन पर घर में विशेष ध्यान देने का आग्रह किया। इस अवसर पर कक्षा 10वीं और 12वीं की बोर्ड परीक्षा में 90% से अधिक अंक प्राप्त करने वाले 50 से अधिक मेधावी विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया। दृष्टिबाधित छात्रा कामिनी यादव को 86% अंक प्राप्त करने पर विशेष सम्मान दिया गया। साथ ही उत्कृष्ट कार्य करने वाले प्राचार्यों, सेवानिवृत्त शिक्षकों और जिन शिक्षकों के बच्चे सरकारी स्कूल में पढ़ रहे हैं, उन्हें भी सम्मानित किया गया।

समारोह में छात्राओं को साइकिलें बांटी गईं और अंत में सभी के लिए 'न्योता भोज' का आयोजन किया गया। इस अवसर पर जनपद पंचायत अध्यक्ष हेमलता चौहान, नगर पंचायत अध्यक्ष मानी मोहित सतपथी, पूर्व विधायक विजय अग्रवाल, जनप्रतिनिधि, अधिकारी, शिक्षक और बड़ी संख्या में विद्यार्थी व अभिभावक उपस्थित रहे।