रायपुर। नगर पालिक निगम रायपुर की महापौर मीनल चौबे ने आज जोन 6 क्षेत्र अंतर्गत भाठागांव में नवनिर्मित बाजार परिसर का प्रत्यक्ष स्थल निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान नगर निगम जोन 6 अध्यक्ष बद्री प्रसाद गुप्ता, डॉ. श्यामाप्रसाद मुखर्जी वार्ड पार्षद रवि सोनकर, नगर निगम उपायुक्त बाजार अंजलि शर्मा तथा बाजार विभाग के अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित रहे। महापौर ने अधिकारियों को भाठागांव बाजार में दुकानों का आबंटन पूर्ण पारदर्शिता और नियमानुसार प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र पूर्ण करने के सख्त निर्देश दिए।

बाजार परिसर में व्यवस्थाओं को दुरुस्त करने के उद्देश्य से महापौर ने आबंटन प्रक्रिया से पूर्व परिसर में स्वच्छता सुनिश्चित करने, चबूतरों की क्रमानुसार नंबरिंग करने और आवश्यकतानुसार बैरिकेडिंग कराने के आदेश दिए। इसके साथ ही उन्होंने नागरिकों और व्यापारियों की सुविधा के लिए पेयजल, समुचित प्रकाश और नियमित सफाई की बेहतर व्यवस्था कायम करते हुए भाठागांव बाजार को पूरी तरह तैयार करने के निर्देश जारी किए।

विस्थापित दुकानदारों के पुनर्वसन की दिशा में बड़ा कदम उठाते हुए महापौर मीनल चौबे ने क्रिस्टल आर्केड के सामने (वर्षों पूर्व ऑक्सीजोन विकास के कारण खालसा स्कूल के सामने से हटाए गए) 69 दुकानदारों का मुख्यमंत्री स्वावलंबन योजना के तहत सहमति के आधार पर शीघ्र व्यवस्थापन करने की तैयारी करने को कहा। उन्होंने बाजार विभाग के अधिकारियों को निर्देशित किया कि पूर्व में कायम सहमति के अनुसार संपूर्ण प्रक्रिया को व्यवस्थित और समयबद्ध तरीके से पूरा किया जाए।