रायपुर। नगर पालिक निगम रायपुर की महापौर मीनल चौबे ने आज नगर निगम जोन 1, 3 और 4 में पार्षदों और विभागीय अधिकारियों की उपस्थिति में समीक्षा बैठक ली। बैठक के दौरान महापौर ने वार्डों में सफाई की लचर व्यवस्था और विभिन्न स्थानों पर जलभराव की स्थिति को लेकर कड़ा ऐतराज जताया। उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि नाले-नालियों के ऊपर बने अवैध पाटों को तोड़कर गहराई तक सफाई कराई जाए ताकि गंदे पानी की निकासी सुगम हो सके। साथ ही, जलभराव से मुक्ति के लिए वार्डों की व्यावहारिक आवश्यकता के अनुसार नए नाला निर्माण का प्रस्ताव तैयार करने के आदेश दिए।

अवैध निर्माणों और नागरिक सुविधाओं पर सख्त रुख अपनाते हुए महापौर मीनल चौबे ने कहा कि जिन अवैध निर्माणों को तीन नोटिस दिए जा चुके हैं, उन पर बिना विलंब बेदखली की कार्रवाई की जाए। मुख्य मार्गों और पार्किंग स्थलों को बाधित करने वाले अवैध निर्माणों पर प्राथमिकता से कार्रवाई होगी। उन्होंने निर्देश दिया कि 5000 वर्गफुट से अधिक के व्यावसायिक प्लॉट्स के लिए पूर्णता प्रमाण पत्र अनिवार्य किया जाए। इसके अलावा, लंबित पेंशन प्रकरणों के त्वरित निराकरण, पेंशन वितरण में लापरवाही बरतने पर आईडीबीआई बैंक को नोटिस जारी करने और पेयजल व स्ट्रीट लाइट जैसी मूलभूत सुविधाओं की नियमित मॉनिटरिंग के कड़े निर्देश दिए गए।

बैठक में जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों की मौजूदगी दर्ज की गई। जोन 1 की बैठक में जोन अध्यक्ष गज्जू साहू, पार्षद अंबिका साहू, परमिला बल्ला राम साहू, मनमोहन मनहरे, राजेश कुमार देवांगन, सोहन लाल साहू, एल्डरमेन बी श्रीनिवास राव, विक्रम सिंह ठाकुर और जोन कमिश्नर अंशुल शर्मा उपस्थित रहे। जोन 3 की बैठक में जोन अध्यक्ष साधना प्रमोद साहू, एमआईसी सदस्य संतोष सीमा साहू, प्रदीप कुमार वर्मा, कैलाश बेहरा, महेश कुमार ध्रुव और जोन कमिश्नर प्रीति सिंह मौजूद रहीं। वहीं जोन 4 की समीक्षा बैठक में जोन अध्यक्ष मुरली शर्मा, नेता प्रतिपक्ष आकाश तिवारी, एमआईसी सदस्य संजना संतोष हियाल, पार्षद अर्जुमन एजाज ढेबर, अजय साहू और जोन कमिश्नर दिव्या चंद्रवंशी सहित अन्य अधिकारी शामिल हुए।