रायपुर। नगर पालिक निगम रायपुर के आयुक्त संबित मिश्रा के निर्देश पर आज जोन 8 क्षेत्र में अवैध एवं नियम विरुद्ध निर्माणों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की गई। जोन कमिश्नर राजेश्वरी पटेल के मार्गदर्शन तथा कार्यपालन अभियंता अतुल चोपड़ा, सहायक अभियंता अमन चंद्राकर, उप अभियंता लोचन चौहान, अबरार खान एवं नगर निवेश विभाग की टीम की उपस्थिति में डॉ. ए.पी.जे. अब्दुल कलाम वार्ड क्रमांक 19 अंतर्गत विकास नगर (गुढ़ियारी) में अभियान चलाकर अवैध हिस्सों को तोड़ा गया।

अनुमति विपरीत निर्माण पर कार्रवाई करते हुए नगर निगम की टीम ने विकास नगर में राकेश साहू द्वारा लगभग 1500 वर्गफीट तथा गोमती वर्मा द्वारा लगभग 1200 वर्गफीट क्षेत्र में स्वीकृत नक्शे के विपरीत किए गए निर्माण को ध्वस्त किया। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि संबंधित निर्माणकर्ताओं को नियमानुसार तीन बार नोटिस जारी करने और अंतिम चेतावनी सूचना देने के बाद ही यह तोड़ाफोड़ी की कार्रवाई अमल में लाई गई।

बिना अनुमति निर्माणाधीन भवनों पर एक्शन लेते हुए विकास नगर गैस गोडाउन के समीप विवेक सिंह द्वारा लगभग 1200 वर्गफीट और पूजा सरावगी द्वारा लगभग 1200 वर्गफीट में किए जा रहे अवैध निर्माणों को भी निगम की टीम ने ढहा दिया। नगर निगम प्रशासन ने शहरवासियों से अपील की है कि वे स्वीकृत मानचित्र और निर्धारित नियमों के अनुरूप ही निर्माण कार्य कराएं, अन्यथा नियम उल्लंघन करने वालों के खिलाफ आगे भी इसी तरह सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।