बिलासपुर। जिले के भैंसाझार क्षेत्र में वन विकास निगम ने अवैध सागौन तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 11 सागौन के लट्ठे बरामद किए हैं। कार्रवाई के दौरान लकड़ी से भरी एक पिकअप, एक मोटरसाइकिल जब्त की गई, जबकि चार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।

जानकारी के अनुसार, यह कार्रवाई भैंसाझार अंतर्गत कलमीटार बीट के कक्ष क्रमांक पी-1586 से जोगीपुर-रतनपुर मार्ग पर की गई। वन विकास निगम की टीम को अवैध लकड़ी परिवहन की सूचना मिलने पर घेराबंदी की गई, जिसमें सागौन के 11 लट्ठों के साथ वाहन पकड़े गए।

वन अधिकारियों ने मौके से पिकअप और मोटरसाइकिल को जब्त कर लिया। साथ ही अवैध परिवहन में शामिल चार आरोपियों को हिरासत में लेकर उनके खिलाफ वन अधिनियम के तहत कार्रवाई शुरू कर दी गई है।

वन विकास निगम ने बताया कि क्षेत्र में अवैध लकड़ी कटाई और तस्करी पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। ऐसे मामलों पर आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।