रायपुर। छत्तीसगढ़ विधानसभा में अविश्वास प्रस्ताव पर चर्चा का जवाब देते हुए मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि यह प्रस्ताव केवल सरकार के खिलाफ नहीं, बल्कि प्रदेश की जनता द्वारा दिए गए जनादेश और विश्वास के विरुद्ध है। उन्होंने कहा कि वर्ष 2023 के विधानसभा चुनाव, लोकसभा चुनाव और नगरीय निकाय चुनावों में प्रदेश की जनता ने विकास, सुशासन और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की गारंटी पर भरोसा जताया है।

मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में कहा कि पिछले ढाई वर्षों के दौरान राज्य सरकार ने सुशासन, पारदर्शिता और जनकल्याण को प्राथमिकता देते हुए कई विकासात्मक योजनाओं को गति दी है। उन्होंने दावा किया कि सरकार की नीतियों का लाभ प्रदेश के किसानों, महिलाओं, युवाओं और गरीब परिवारों तक पहुंच रहा है तथा राज्य विकास की नई दिशा में आगे बढ़ रहा है।

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि राज्य सरकार जनता के विश्वास पर खरी उतरने के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि सरकार का लक्ष्य प्रदेश के प्रत्येक वर्ग तक विकास का लाभ पहुंचाना और छत्तीसगढ़ को समृद्ध एवं आत्मनिर्भर राज्य के रूप में आगे बढ़ाना है।