रायपुर। रायपुर नगर निगम के नेता प्रतिपक्ष आकाश तिवारी के नेतृत्व में आज कांग्रेस पार्षद दल ने नगर निगम आयुक्त संबित मिश्रा से शिष्टाचार मुलाकात की। इस मुलाकात के दौरान नेता प्रतिपक्ष ने सकारात्मक विपक्ष की भूमिका रेखांकित करते हुए स्पष्ट किया कि जनहित के हर कार्य में उनका दल प्रशासन के साथ कंधे से कंधा मिलाकर खड़ा है। इस दौरान पार्षदों ने अपने-अपने वार्डों की बुनियादी समस्याओं और विकास कार्यों को लेकर आयुक्त को एक मांग पत्र सौंपा।

अवैध नल नियमितीकरण और संपत्ति कर के सरलीकरण की मांग

मुलाकात के दौरान नेता प्रतिपक्ष आकाश तिवारी ने रायपुर के नागरिकों से जुड़े दो बेहद महत्वपूर्ण वित्तीय और व्यावहारिक मुद्दों को प्रमुखता से उठाया:

अवैध नलों का नियमितीकरण: उन्होंने कहा कि अवैध नल कनेक्शनों को वैध करने की प्रक्रिया को बेहद सरल बनाया जाए ताकि आम जनता के बीच से भय का वातावरण समाप्त हो सके और लोग स्वेच्छा से आगे आएं।

संपत्ति कर अधिभार में छूट: संपत्ति कर (प्रॉपर्टी टैक्स) के अधिभार में कई विसंगतियां हैं, जिसके कारण लोग टैक्स नहीं पटा पा रहे हैं। यदि नियमों को सरल कर अधिभार में छूट दी जाए, तो लोग स्वतः ही टैक्स जमा करेंगे जिससे नगर निगम के राजस्व में भारी बढ़ोतरी होगी।

नगर निगम आयुक्त संबित मिश्रा ने इन दोनों ही सुझावों को बेहद व्यावहारिक मानते हुए इन पर सकारात्मक कार्रवाई करने की बात कही है।

वार्ड पार्षदों ने रखीं अपने क्षेत्रों की ये प्रमुख मांगें

बैठक में उपस्थित विभिन्न वार्डों के कांग्रेस पार्षदों ने अपने क्षेत्र की जनसमस्याओं से आयुक्त को अवगत कराया:

श्री संदीप साहू (वार्ड क्रमांक 1, वीर सावरकर नगर): नए बन रहे बस डिपो के पास किसानों के पारंपरिक रास्ते को रोके जाने का विरोध करते हुए इसे तुरंत खुलवाने की मांग की। साथ ही क्षेत्र में 7 एकड़ जमीन पर हो रही अवैध प्लाटिंग को रोकने का आग्रह किया।

श्री शेख मुशीर (वार्ड क्रमांक 35, शहीद अब्दुल हमीद वार्ड): शहीद स्मारक स्कूल के कमरों में हो रहे जलभराव की समस्या का तुरंत निराकरण करने तथा वार्ड में लगे बेहद पुराने और खतरनाक हो चुके पेड़ों की कटाई-छंटाई कराने की मांग रखी।

श्रीमती रेणु जयंत साहू (वार्ड क्रमांक 51, लाल बहादुर शास्त्री वार्ड): वार्ड में तेजी से बढ़ रहे अवैध निर्माण और अवैध पार्किंग की समस्या पर रोक लगाने, स्ट्रीट लाइट की कमी को दूर करने तथा हाई स्कूल परिसर में जलभराव की समस्या को ठीक करने की मांग की।

श्रीमती दीप मनीराम साहू (वार्ड क्रमांक 24, सरदार वल्लभभाई पटेल): गुलमोहर पार्क के पास स्थित प्रधानमंत्री आवास योजना के ब्लॉक में सीवरेज का गंदा पानी बाहर बहने की समस्या को तुरंत दुरुस्त करने तथा गोपाल नगर गली नंबर 1 में पेयजल संकट को दूर करने की मांग रखी।

श्रीमती जयश्री सत्यनारायण नायक (वार्ड क्रमांक 65, महामाया मंदिर वार्ड): मालसाय तालाब से शिवाजी नगर होते हुए परशुराम नगर, गुप्ता किराना, प्रोफेसर कॉलोनी और मारुति नगर के क्षेत्रों में पीने के पानी की नई पाइपलाइन बिछाने की मांग उठाई।

आयुक्त संबित मिश्रा ने सभी पार्षदों की समस्याओं और मांगों को गंभीरता से सुना और वार्डों में त्वरित विकास कार्य तथा समस्याओं के तत्काल निराकरण का भरोसा दिया है। इस अवसर पर डेलिगेशन में मुख्य रूप से नेता प्रतिपक्ष आकाश तिवारी के साथ पार्षद संदीप साहू, दीपमनीराम साहू, रेणु जयंत साहू, शेख मुशीर और जयश्री सत्यनारायण नायक उपस्थित थे।