रायपुर। छत्तीसगढ़ विधानसभा का पावस सत्र इन दिनों लोकतंत्र की जीवंत पाठशाला में तब्दील हो गया है। इसी कड़ी में आज भिलाई स्थित शकुंतला विद्यालय के कक्षा 11वीं और 12वीं के छात्र-छात्राओं का एक दल शैक्षणिक भ्रमण के लिए विधानसभा परिसर पहुंचा। विद्यार्थियों ने दर्शक दीर्घा में बैठकर सदन की कार्यवाही, प्रश्नकाल और विभिन्न संसदीय प्रक्रियाओं का प्रत्यक्ष अवलोकन किया। किताबों में पढ़ी गई लोकतांत्रिक व्यवस्था को धरातल पर क्रियान्वित होते देखना छात्रों के लिए एक बेहद ज्ञानवर्धक और अविस्मरणीय अनुभव रहा।

भ्रमण के दौरान विद्यार्थियों ने मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय और विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह से आत्मीय मुलाकात की। छात्रों से संवाद करते हुए मुख्यमंत्री साय ने कहा कि आज के विद्यार्थी ही विकसित भारत और समृद्ध छत्तीसगढ़ के भविष्य के निर्माता हैं। उन्होंने जोर देकर कहा कि लोकतंत्र सिर्फ मतदान तक सीमित नहीं है, बल्कि यह जनप्रतिनिधियों के माध्यम से जनता की आकांक्षाओं को सदन में अभिव्यक्त करने की एक निरंतर चलने वाली प्रक्रिया है।