रायपुर। राजधानी रायपुर के पंडरी क्षेत्र में नगर निगम ने अतिक्रमण के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए होटल पुनीत और आसपास की दुकानों के सामने नाले पर बने आधा दर्जन से अधिक अवैध पाटों को जेसीबी मशीन की मदद से तोड़ दिया। यह कार्रवाई महापौर मीनल चौबे और आयुक्त संबित मिश्रा के निर्देश पर नगर निगम की जोन-2 टीम ने अभियान चलाकर की।

नगर निगम के अनुसार नाले पर अवैध पाट बनाए जाने के कारण सफाई कार्य पूरी तरह बाधित हो रहा था। बारिश के दौरान जलभराव की समस्या भी लगातार बढ़ रही थी, जिससे स्थानीय लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। कार्रवाई के दौरान नाले से अतिक्रमण हटाकर जल निकासी व्यवस्था को सुचारु बनाने की दिशा में काम किया गया।

नगर निगम ने स्पष्ट किया है कि शहर में नालों पर किए गए अवैध कब्जों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। अधिकारियों ने कहा कि जलभराव की समस्या से राहत दिलाने और सफाई व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए सभी अवैध पाटों को चरणबद्ध तरीके से हटाया जाएगा।