रायपुर। रायपुर विकास प्राधिकरण (आरडीए) को नया नेतृत्व मिल गया है। नवनियुक्त उपाध्यक्ष डॉ. जय प्रकाश शर्मा ने सोमवार को आरडीए कार्यालय में विधिवत पदभार ग्रहण किया। इस अवसर पर वित्त, आवास एवं पर्यावरण मंत्री ओ.पी. चौधरी सहित कई जनप्रतिनिधि, अधिकारी और नागरिक मौजूद रहे। समारोह में नए नेतृत्व से शहर के विकास कार्यों को नई गति मिलने की उम्मीद जताई गई।

पदभार ग्रहण समारोह को संबोधित करते हुए ओ.पी. चौधरी ने कहा कि रायपुर के सुनियोजित और समग्र विकास में आरडीए की महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि डॉ. जय प्रकाश शर्मा के प्रशासनिक अनुभव और जनसेवा के प्रति उनकी प्रतिबद्धता से विकास परियोजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन होगा। वहीं आरडीए अध्यक्ष नंद कुमार साहू ने कहा कि उनके नेतृत्व में जनहितकारी योजनाओं के साथ नागरिकों की समस्याओं के त्वरित समाधान पर भी विशेष ध्यान दिया जाएगा।

पदभार संभालने के बाद डॉ. जय प्रकाश शर्मा ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में राज्य सरकार की नीतियों के अनुरूप रायपुर के सुनियोजित विकास, आधुनिक अधोसंरचना, बेहतर नागरिक सुविधाओं और पारदर्शी कार्यप्रणाली को प्राथमिकता दी जाएगी। उन्होंने सभी विभागों के समन्वय से समयबद्ध तरीके से विकास कार्यों को आगे बढ़ाने का संकल्प दोहराया।