रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने आज डुमरतराई में छत्तीसगढ़ गृह निर्माण एवं अधोसंरचना विकास मंडल द्वारा विकसित नवीन थोक बाजार फेस-2 का लोकार्पण किया। इस अवसर पर उन्होंने घोषणा की कि इस आधुनिक परिसर का नामकरण लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल के नाम पर किया जाएगा और यहां उनकी 15 फीट ऊंची भव्य प्रतिमा भी स्थापित की जाएगी। मुख्यमंत्री ने इसे राष्ट्र निर्माण में सरदार पटेल के अद्वितीय योगदान के प्रति एक विनम्र श्रद्धांजलि बताया।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि व्यापार और रोजगार एक-दूसरे के पूरक हैं और जहां आधुनिक अधोसंरचना विकसित होती है, वहां आर्थिक गतिविधियों का तेजी से विस्तार होता है। राष्ट्रीय राजमार्ग-30 पर लगभग 36 एकड़ क्षेत्र में विकसित यह अत्याधुनिक परिसर रायपुर सहित पूरे छत्तीसगढ़ के व्यापार को नई गति देगा। आवास एवं पर्यावरण मंत्री ओ.पी. चौधरी ने बताया कि वर्ष 2010 में देखी गई इस आधुनिक थोक बाजार की परिकल्पना आज साकार हुई है, जिससे व्यापारियों को बेहतर सुविधाएं मिलने के साथ-साथ रायपुर की यातायात व्यवस्था भी सुगम होगी।
छत्तीसगढ़ गृह निर्माण एवं अधोसंरचना विकास मंडल के अध्यक्ष अनुराग सिंह देव ने इस परियोजना को गुणवत्ता और नवाचार का उत्कृष्ट उदाहरण बताया। गौरतलब है कि डुमरतराई थोक बाजार का विकास दो चरणों में किया गया है, जिसके तहत प्रथम चरण में 76 करोड़ रुपये से 536 दुकानें और द्वितीय चरण में 145 करोड़ रुपये की लागत से 154 स्वतंत्र व्यावसायिक दुकानों का निर्माण किया गया है। इस भव्य लोकार्पण कार्यक्रम में मंत्री गुरु खुशवंत साहेब, राज्यसभा सांसद लक्ष्मी वर्मा और विधायक मोतीलाल साहू सहित कई प्रमुख जनप्रतिनिधि और व्यापारी संगठन उपस्थित थे।