रायपुर। सेवा संकल्प अभियान के तहत चल रहे स्वच्छता ही सेवा पखवाड़ा के अंतर्गत नगर निगम जोन क्रमांक-3 क्षेत्र के गुरु घासीदास वार्ड क्रमांक-48 स्थित काशीराम नगर में स्वच्छता अभियान चलाया गया। सुलभ के समीप स्वच्छता कर्मियों और स्थानीय रहवासियों ने श्रमदान कर कचरा हटाया और क्षेत्र में स्वच्छता व्यवस्था बेहतर बनाने का संदेश दिया।
श्रमदान कर हटाया गया कचरा
नगर निगम के स्वास्थ्य विभाग की टीम, स्वच्छता दीदियों, सफाई निरीक्षकों, रामकी सुपरवाइजर और जागरूक रहवासियों ने मिलकर काशीराम नगर स्थित स्वच्छता लक्षित इकाई के पास सफाई की। अभियान के दौरान आसपास जमा कचरे को एकत्र कर हटाया गया।
अभियान का उद्देश्य सार्वजनिक स्थानों को स्वच्छ रखने के साथ लोगों को स्वच्छता के प्रति जिम्मेदार बनाना रहा।
रंगोली के जरिए दिया सकारात्मक संदेश
स्वच्छता अभियान के दौरान स्वच्छता दीदियों ने आकर्षक रंगोली बनाकर लोगों को स्वच्छता का संदेश दिया। रंगोली के माध्यम से सार्वजनिक स्थलों को साफ रखने और स्वच्छ वातावरण बनाए रखने के प्रति जागरूकता बढ़ाने का प्रयास किया गया।
गीला-सूखा कचरा अलग रखने की समझाइश
अभियान के दौरान स्थानीय रहवासियों को घरों से निकलने वाले गीले और सूखे कचरे को अलग-अलग डस्टबिन में रखने की समझाइश दी गई। लोगों से कहा गया कि कचरे को सफाई मित्रों को निर्धारित सफाई वाहन में ही दें, ताकि वार्ड और शहर की स्वच्छता व्यवस्था बेहतर बनी रहे।
स्वच्छता ही सेवा पखवाड़े के तहत आयोजन
रायपुर नगर निगम क्षेत्र में सेवा संकल्प अभियान के तहत 17 सितंबर से 17 अक्टूबर 2026 तक विभिन्न गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं। वहीं स्वच्छता ही सेवा पखवाड़ा 17 सितंबर से 2 अक्टूबर तक चलाया जा रहा है। इसके तहत श्रमदान, सफाई और जनजागरूकता जैसी गतिविधियों के माध्यम से नागरिकों को स्वच्छता अभियान से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है।
अभियान में जोन कमिश्नर प्रीति सिंह, जोन स्वास्थ्य अधिकारी उमेश नामदेव, स्वच्छता निरीक्षक प्रवीन चंद्राकर, झनेंद्र कुमार साहू, स्वच्छता दीदियां, सफाई टीम और वार्ड के जागरूक रहवासी शामिल रहे।