रायपुर। छत्तीसगढ़ में रेलवे ओवरब्रिज (ROB) और रेलवे अंडरब्रिज (RUB) परियोजनाओं को गति देने के लिए लोक निर्माण विभाग (PWD) ने कमर कस ली है। विभागीय सचिव मुकेश कुमार बंसल ने मंत्रालय महानदी भवन में रेलवे और विभागीय अधिकारियों के साथ उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक कर निर्माणाधीन और प्रस्तावित परियोजनाओं की प्रगति का जायजा लिया।
बैठक में सचिव ने लोक निर्माण विभाग और रेलवे के अधिकारियों को बेहतर समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश देते हुए कहा कि निर्माण कार्यों में किसी भी प्रकार की अनावश्यक देरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने निर्माणाधीन परियोजनाओं को तय समयसीमा में पूरा करने और जिन परियोजनाओं का काम अभी शुरू नहीं हुआ है, उन्हें जल्द प्रारंभ करने पर जोर दिया।
बाधाएं दूर करने के निर्देश
सचिव ने कार्यस्थलों पर आ रही समस्याओं जैसे अतिक्रमण हटाने, भूमि अधिग्रहण, नामांतरण, भूमि व्यपवर्तन और यूटिलिटी शिफ्टिंग की प्रक्रिया को प्राथमिकता के साथ पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि इन कारणों से परियोजनाओं में अनावश्यक विलंब नहीं होना चाहिए।
हर तीन महीने होगी समीक्षा
बैठक में यह भी तय किया गया कि ROB और RUB परियोजनाओं की हर तीन महीने में संयुक्त समीक्षा बैठक आयोजित की जाएगी, ताकि लंबित मामलों का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित किया जा सके।
सचिव ने कहा कि रेलवे फाटकों पर लगने वाले जाम से लोगों को राहत देने और माल परिवहन को सुगम बनाने के लिए इन परियोजनाओं का समय पर पूरा होना बेहद जरूरी है। राज्य सरकार सुरक्षित, तेज और व्यवस्थित यातायात व्यवस्था को प्राथमिकता दे रही है।
बैठक में लोक निर्माण विभाग और दक्षिण-पूर्व-मध्य रेलवे के वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहे।