रायपुर, 22 सितंबर 2026। सेवा संकल्प अभियान के तहत महिला एवं बाल विकास विभाग की योजनाओं का लाभ ले रहीं महिलाओं से सीधे संवाद की पहल को आगे बढ़ाते हुए महिला एवं बाल विकास मंत्री एवं भटगांव विधायक लक्ष्मी राजवाड़े ग्राम कुंजनगर पहुंचीं। उन्होंने महिलाओं और अन्य हितग्राहियों से बातचीत कर योजनाओं से मिल रहे लाभ, उनके अनुभव और परिवार के जीवन में आए बदलावों की जानकारी ली।

मंत्री ने विशेष रूप से महतारी वंदन योजना और प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना की हितग्राही महिलाओं से चर्चा की। उन्होंने जाना कि योजनाओं के माध्यम से मिलने वाली आर्थिक सहायता महिलाओं की दैनिक जरूरतों, पारिवारिक खर्च और मातृत्व से जुड़ी आवश्यकताओं को पूरा करने में किस तरह मददगार साबित हो रही है। महिलाओं ने अपने अनुभव साझा करते हुए बताया कि इन योजनाओं से उन्हें आर्थिक सहयोग के साथ आत्मविश्वास भी मिला है।

महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा संचालित योजनाओं का उद्देश्य महिलाओं को सामाजिक और आर्थिक रूप से सशक्त बनाने के साथ मातृत्व तथा परिवार के बेहतर पोषण में सहयोग प्रदान करना है। सेवा संकल्प अभियान के माध्यम से योजनाओं के जमीनी प्रभाव और हितग्राहियों के अनुभवों को समझने के साथ शासन और जनता के बीच सीधा संवाद मजबूत करने का प्रयास किया जा रहा है।

ग्राम कुंजनगर में मंत्री ने ग्रामीण महिलाओं की बातों को गंभीरता से सुना और योजनाओं के क्रियान्वयन से जुड़े उनके अनुभवों की जानकारी ली। यह संवाद महिला सशक्तिकरण, जनभागीदारी और सेवा भावना को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल रहा। कार्यक्रम में स्थानीय जनप्रतिनिधियों सहित बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।