रायगढ़। छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में रविवार सुबह एक भीषण सड़क हादसे में तीन युवकों की दर्दनाक मौत हो गई। हादसा चक्रधर नगर थाना क्षेत्र में हुआ, जहां तेज रफ्तार ट्रेलर ने बाइक सवार तीन युवकों को टक्कर मार दी।
जानकारी के अनुसार, तमनार थाना क्षेत्र के ग्राम महलोई निवासी प्रकाश राठिया (20), बुटरु (21) और ज्ञानचंद मिर्धा (21) रविवार सुबह किसी काम से रायगढ़ आए थे। करीब 11 बजे तीनों एक ही बाइक से अपने गांव लौट रहे थे। इसी दौरान विपरीत दिशा से आ रहे तेज रफ्तार ट्रेलर ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी भीषण थी कि तीनों युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची, शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया।
पुलिस ने ट्रेलर को जब्त कर मामले की जांच शुरू कर दी है। हादसे के बाद मृतकों के परिजनों में शोक की लहर है।