रायपुर। राजधानी रायपुर में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश से कई इलाकों में जलभराव की स्थिति बनने के बाद महापौर मीनल चौबे खुद मैदान में उतरीं। उन्होंने प्रभावित क्षेत्रों का निरीक्षण कर राहत कार्यों का जायजा लिया और निगम अधिकारियों को 24 घंटे फील्ड में रहकर जल निकासी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

महापौर ने कहा कि जहां-जहां जलभराव हुआ है, वहां हाई-पावर सक्शन पंप लगाकर पानी निकालने की व्यवस्था की जाए। नालों और नालियों में फंसे मलबे व प्लास्टिक को तत्काल हटाया जाए तथा जरूरत पड़ने पर जेसीबी मशीनों की मदद ली जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी भी अधिकारी की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और दोषी पाए जाने पर विभागीय एवं दंडात्मक कार्रवाई की अनुशंसा की जाएगी।

उन्होंने रायपुरवासियों से धैर्य बनाए रखने और प्रशासन का सहयोग करने की अपील करते हुए कहा, "आपका संकट मेरा संकट है। हम सभी मिलकर इस स्थिति से बाहर निकलेंगे।" महापौर ने लोगों से जलभराव वाले क्षेत्रों में बिजली के खंभों और खुले तारों से दूरी बनाए रखने, उबालकर या छानकर पानी पीने तथा स्वास्थ्य संबंधी सावधानियां बरतने की भी अपील की।

इस बीच भाजपा जिला अध्यक्ष रमेश ठाकुर ने भी पार्षदों को अपने-अपने वार्डों में सक्रिय रहकर नागरिकों की समस्याओं के त्वरित समाधान का प्रयास करने के निर्देश दिए।

नगर निगम ने सभी जोन कमिश्नरों, अभियंताओं और स्वास्थ्य अधिकारियों को कार्यालय छोड़कर फील्ड में रहने, मोबाइल फोन 24 घंटे चालू रखने, जलभराव वाले स्थानों पर तुरंत राहत कार्य शुरू करने, खुले मैनहोल की बैरिकेडिंग कराने तथा पानी उतरने के बाद ब्लीचिंग पाउडर, चूना और एंटी-लार्वा दवाओं का छिड़काव सुनिश्चित करने के निर्देश जारी किए हैं।