रायपुर। नवा रायपुर के नकटी गांव में अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई के बाद विवाद थमता नजर नहीं आ रहा है। 80 से अधिक मकानों पर बुलडोजर चलने के बाद प्रभावित परिवारों ने शुक्रवार को पहले कलेक्ट्रेट के सामने धरना दिया और प्रशासन के खिलाफ प्रदर्शन किया। इसके बाद बड़ी संख्या में ग्रामीण पैदल मार्च करते हुए आवास एवं पर्यावरण मंत्री ओपी चौधरी के सरकारी बंगले पहुंचे, जहां देर रात तक विरोध प्रदर्शन जारी रहा।

प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि उन्हें पर्याप्त पुनर्वास और वैकल्पिक व्यवस्था उपलब्ध कराए बिना बेदखल किया गया। ग्रामीणों ने सरकार से उचित मुआवजा, पुनर्वास और न्याय की मांग करते हुए आंदोलन जारी रखने की चेतावनी दी। वहीं प्रशासन ने कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए मंत्री आवास के आसपास सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी।

इधर, नकटी गांव में हाउसिंग बोर्ड द्वारा बाउंड्रीवाल निर्माण का कार्य भी जारी है। निर्माण स्थल पर किसी अप्रिय स्थिति से बचने के लिए करीब 500 सुरक्षा कर्मियों की तैनाती की गई है। प्रशासन का कहना है कि शासकीय भूमि पर नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है, जबकि प्रभावित परिवार अपनी मांगों को लेकर आंदोलन पर डटे हुए हैं।