अंबिकापुर। पूरे देश सहित छत्तीसगढ़ के ग्रामीण क्षेत्रों में आजीविका और विकास के एक नए युग की शुरुआत हो गई है। सरगुजा संभाग के मुख्यालय अंबिकापुर स्थित जिला पंचायत सभाकक्ष में 'विकसित भारत-रोजगार और आजीविका गारंटी मिशन (ग्रामीण)' यानी 'वीबी-जी राम जी' योजना का जिला स्तरीय भव्य जन सम्मेलन सह शुभारंभ कार्यक्रम संपन्न हुआ।

छत्तीसगढ़ के पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री श्री राजेश अग्रवाल के मुख्य आतिथ्य में आयोजित इस गरिमामयी कार्यक्रम की शुरुआत राष्ट्रीय स्तर पर आंध्र प्रदेश के तिरुपति जिले से केंद्रीय ग्रामीण विकास मंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान द्वारा वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से की गई।

श्रमिकों के आत्मसम्मान को प्राथमिकता: 125 दिन का काम और ₹300 दाम

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि मंत्री श्री राजेश अग्रवाल ने कहा कि:

"यह मिशन विकसित भारत के निर्माण की दिशा में एक ऐतिहासिक जन आंदोलन है। प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी ने वर्ष 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने का जो संकल्प लिया है, उसकी मजबूत नींव हमारे गांवों में ही रखी जाएगी। जब हमारे गांव सशक्त होंगे, तभी भारत विकसित होगा।"

मंत्री श्री अग्रवाल ने योजना की बड़ी सौगातों को रेखांकित करते हुए बताया कि:

वैधानिक गारंटी में बढ़ोतरी: नए अधिनियम 2025 के तहत अब ग्रामीण परिवारों को मिलने वाले 100 दिनों के वैधानिक रोजगार को बढ़ाकर 125 दिन कर दिया गया है।

बढ़ी हुई दैनिक मजदूरी: भारत सरकार द्वारा श्रमिकों के श्रम का सम्मान करते हुए 1 जुलाई 2026 से दैनिक मजदूरी को ₹261 से बढ़ाकर सीधा ₹300 प्रतिदिन कर दिया गया है।

अस्थायी कार्य नहीं, अब भावी पीढ़ियों के लिए बनेगी स्थायी संपत्ति

मंत्री श्री अग्रवाल ने स्पष्ट किया कि अब योजना का लक्ष्य केवल अस्थायी गड्ढे खोदना नहीं है, बल्कि गांवों में स्थायी एवं उपयोगी संपत्तियों का निर्माण करना है। इसके तहत व्यापक स्तर पर वृक्षारोपण, जल संरक्षण, खेत तालाब, सिंचाई सुविधाओं का विस्तार और ग्रामीण अधोसंरचना (Infrastructure) के निर्माण को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाएगी, ताकि प्राकृतिक संसाधनों का संरक्षण भी हो सके। उन्होंने अधिकारियों को प्रत्येक कार्य का भौगोलिक चिन्हांकन (Geotagging) और पूर्ण पारदर्शिता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

मील का पत्थर साबित होगी योजना: जिला पंचायत अध्यक्ष

जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती निरुपा सिंह ने अपने उद्बोधन में कहा कि ग्रामीण अर्थव्यवस्था को गति देने में 'वीबी-जी राम जी' योजना एक मील का पत्थर साबित होगी। सरगुजा कलेक्टर श्री अजीत वसंत ने प्रशासन की ओर से भरोसा दिलाया कि जमीनी स्तर पर योजना की कड़ी मॉनिटरिंग की जाएगी ताकि अंतिम व्यक्ति तक इसका लाभ पहुंचे। जिला पंचायत के सीईओ श्री विनय कुमार अग्रवाल ने पीपीटी (PPT) के माध्यम से योजना के बिंदुवार क्रियान्वयन की विस्तृत रूपरेखा प्रस्तुत की।

महिला समूहों को बीज और ग्रामीणों को पौधों का वितरण

इस विशेष अवसर पर अतिथियों द्वारा:

मुस्कान महिला स्व-सहायता समूह (नवाबांध) को 'नवा तरिया' में मक्के की उन्नत खेती के लिए बीज प्रदान किए गए।

15 प्रगतिशील कृषकों को कृषि विभाग के माध्यम से अरहर (तुअर) के बीज किट वितरित किए गए।

पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए सम्मेलन में आए नागरिकों को कटहल, मुनगा, जामुन और आम के पौधों का निःशुल्क वितरण किया गया।

कार्यक्रम में ये रहे मौजूद

इस जिला स्तरीय जन सम्मेलन में जिला पंचायत उपाध्यक्ष श्री देवनारायण यादव, जिला पंचायत सदस्य श्री विजय अग्रवाल, श्रीमती पायल सिंह तोमर, श्रीमती राधा रवि, श्रीमती नानमणि पैकरा सहित विभिन्न जनपदों के सदस्य, सरपंच, सचिव, महिला स्व-सहायता समूहों की दीदियां और भारी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित थे।