सूरजपुर। छत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिले में पुलिस ने गांजा तस्करी के बड़े मामले का खुलासा किया है। चंदौरा थाना क्षेत्र के बनारस मार्ग स्थित घाटपेंडारी मुख्य घाट में एक ट्रक पलटने के बाद पुलिस को उसमें छिपाकर रखा गया गांजा मिला। तलाशी के दौरान 238 किलो 290 ग्राम गांजा बरामद किया गया, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 1 करोड़ 19 लाख रुपये बताई गई है।

प्लास्टिक दाने की बोरियों के बीच छिपाया था गांजा

पुलिस के मुताबिक, गांजा तस्करी के लिए ट्रक का इस्तेमाल किया जा रहा था। तस्करों ने गांजे को प्लास्टिक दाने की बोरियों के साथ ट्रक में छिपाया था। योजना के अनुसार गांजे को ओडिशा से उत्तर प्रदेश ले जाया जा रहा था। इसी दौरान घाटपेंडारी मुख्य घाट में ट्रक पलट गया, जिसके बाद मामले का खुलासा हुआ।

अलीगढ़ का आरोपी गिरफ्तार

पुलिस ने कार्रवाई करते हुए ट्रक संचालनकर्ता सुनील कुमार (32 वर्ष) को गिरफ्तार किया है। आरोपी लक्ष्मण सिंह का पुत्र है और उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ जिले के इंदिरा नगर, खेरी रोड, थाना देहली गेट का निवासी बताया गया है।

पुलिस ने गांजा और ट्रक को जब्त कर लिया है। मामले में गांजे की तस्करी से जुड़े अन्य लोगों और पूरे नेटवर्क की जानकारी जुटाने के लिए जांच आगे बढ़ाई जा रही है।