जशपुर। छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले में बिजली खंभा लगाने के दौरान बड़ा हादसा हो गया। पत्थलगांव थाना क्षेत्र के पाकरगांव में काम कर रहे मजदूर खंभा गिरने के बाद 11 हजार KV बिजली लाइन की चपेट में आ गए। हादसे में एक मजदूर की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो मजदूर गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं।
खंभा गिरने के बाद हुआ हादसा
जानकारी के अनुसार मजदूर पाकरगांव में बिजली खंभा लगाने का काम कर रहे थे। इसी दौरान खंभा गिर गया और उसके बिजली तार के संपर्क में आने से मजदूर करंट की चपेट में आ गए। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
एक मजदूर की मौत, दो अस्पताल में भर्ती
हादसे में एक मजदूर की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं दो अन्य मजदूर गंभीर रूप से घायल हुए हैं। दोनों घायलों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है।
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक बिजली लाइन का शटडाउन लिया गया था, इसके बावजूद तार में करंट प्रवाहित होने की बात सामने आई है। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। हादसे के कारणों और बिजली लाइन में करंट प्रवाह से जुड़े तथ्यों की जांच की जा रही है।