गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, 6 सितंबर 2026। मरवाही थाना क्षेत्र की सिवनी चौकी अंतर्गत ग्राम मड़वाही में एक युवक पर जानलेवा हमला करने का मामला सामने आया है। आरोप है कि युवक को ट्रैक्टर चलाने के बहाने घर से साथ ले जाया गया, जिसके बाद उसके साथ बेरहमी से मारपीट की गई। हमले में गंभीर रूप से घायल युवक को आरोपी मृत समझकर मौके पर छोड़कर फरार हो गए। देर रात वह चर्चेड़ी तालाब के पास लहूलुहान हालत में मिला। मामले में पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

ट्रैक्टर चलाने के बहाने घर से ले गए

मड़वाही निवासी गेंदलाल मरपच्ची के अनुसार, घटना वाले दिन शाम करीब 4:30 बजे उनके बेटे गोविंद सिंह मरपच्ची को मोहल्ले का बीरेन्द्र कुमार बघेल ट्रैक्टर चलाने के नाम पर अपने साथ लेकर गया था। रात करीब 1:30 बजे हेमलाल पोट्टाम ने परिजनों को फोन कर जानकारी दी कि गोविंद चर्चेड़ी तालाब के पास घायल अवस्था में पड़ा है और उसके सिर से लगातार खून निकल रहा है।

सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे और गोविंद को मरवाही सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गए। हालत गंभीर होने पर उसे जिला अस्पताल रेफर किया गया। बाद में परिजन उसका इलाज बिलासपुर के अस्पताल में भी कराते रहे।

होश आने पर युवक ने बताई पूरी घटना

इलाज के बाद हालत में सुधार होने पर गोविंद को होश आया। उसके अनुसार वह चर्चेड़ी तालाब के पास वाहन खड़ा कर मौजूद था। इसी दौरान बीरेन्द्र कुमार ने उसे कुछ देर रुकने के लिए कहा और वहां से चला गया। कुछ समय बाद एक व्यक्ति ने उसके साथ गाली-गलौज शुरू कर दी।

पीड़ित के मुताबिक, इसी दौरान किसी अज्ञात व्यक्ति ने पीछे से उसका मुंह दबा दिया और उसके साथ मारपीट शुरू कर दी। हमलावरों ने उसे बुरी तरह पीटा, जिससे सिर में गंभीर चोट आई और खून बहने लगा। इसके बाद वह बेहोश होकर जमीन पर गिर पड़ा।

मृत समझकर छोड़कर भागे हमलावर

पीड़ित के बयान के अनुसार, हमलावर उसे मृत समझकर वहां से फरार हो गए। गोविंद काफी देर तक तालाब के पास घायल हालत में पड़ा रहा। बाद में स्थानीय लोगों की नजर उस पर पड़ी और परिजनों को इसकी सूचना दी गई।

परिजनों की शिकायत और घायल युवक के बयान के आधार पर मरवाही पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धारा 296 और 115(2) के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस घटनास्थल, पीड़ित के बयान और संबंधित लोगों से पूछताछ के आधार पर हमले में शामिल आरोपियों की पहचान करने में जुटी है। हमले की वजह और इसमें कितने लोग शामिल थे, इसका खुलासा पुलिस जांच के बाद होने की बात कही गई है।