रायपुर। नगर निगम जोन-2 के स्वास्थ्य विभाग ने रेलवे स्टेशन मार्ग पर स्वच्छता नियमों का उल्लंघन करने वाले दुकानों और होटलों के खिलाफ कार्रवाई की। सूखा और गीला कचरा अलग-अलग नहीं रखने, सार्वजनिक स्थानों पर गंदगी फैलाने और मेडिकल वेस्ट बाहर फेंकने की शिकायतों पर निगम की टीम ने औचक निरीक्षण किया। जांच के दौरान शिकायतें सही पाए जाने पर संबंधित 52 दुकानों और होटलों के संचालकों के खिलाफ कार्रवाई की गई।
52 दुकानों-होटलों से वसूला ₹54,750 का ई-जुर्माना
नगर निगम आयुक्त संबित मिश्रा के निर्देश और जोन-2 जोन कमिश्नर संतोष पाण्डेय के मार्गदर्शन में स्वास्थ्य विभाग की टीम ने रेलवे स्टेशन मार्ग क्षेत्र का निरीक्षण किया। इस दौरान स्वच्छता नियमों का पालन नहीं करने वाले 52 दुकानों एवं होटलों के संचालकों पर कुल 54,750 रुपये का ई-जुर्माना लगाया गया। संबंधित संचालकों को भविष्य में नियमों का उल्लंघन करने पर कड़ी कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई।
जनशिकायतों पर निगम की त्वरित कार्रवाई
निगम के अनुसार रेलवे स्टेशन मार्ग क्षेत्र में सूखा-गीला कचरा अलग नहीं रखने, गंदगी फैलाने और मेडिकल वेस्ट बाहर फेंकने को लेकर शिकायतें प्राप्त हुई थीं। औचक निरीक्षण में शिकायतें सही पाए जाने के बाद मौके पर ही कार्रवाई करते हुए जुर्माना वसूला गया। निगम ने स्पष्ट किया कि स्वच्छता व्यवस्था बनाए रखने के लिए इस तरह की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।
कार्रवाई के दौरान कार्यपालन अभियंता पी.डी. धृतलहरे, जोन स्वास्थ्य अधिकारी रवि लवनिया सहित स्वास्थ्य विभाग की टीम मौजूद रही।