रायपुर। भारत के उपराष्ट्रपति सी. पी. राधाकृष्णन 2 सितंबर को छत्तीसगढ़ के दौरे पर आएंगे। वे रायपुर स्थित अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) के दीक्षांत समारोह में शामिल होंगे। उनके प्रस्तावित प्रवास को लेकर मंत्रालय महानदी भवन में मुख्य सचिव विकासशील की अध्यक्षता में राज्य स्तरीय अधिकारियों की बैठक हुई, जिसमें सुरक्षा, प्रोटोकॉल, यातायात, चिकित्सा, स्वागत और कार्यक्रम स्थल की व्यवस्थाओं की विस्तृत समीक्षा की गई।
मिनट-टू-मिनट कार्यक्रम के अनुसार होंगी तैयारियां
मुख्य सचिव ने अधिकारियों को उपराष्ट्रपति के प्रवास के दौरान सभी व्यवस्थाएं निर्धारित प्रोटोकॉल और मिनट-टू-मिनट कार्यक्रम के अनुसार सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। एयरपोर्ट से कार्यक्रम स्थल तक और वापसी के दौरान एंट्री-एग्जिट प्लान को बेहतर समन्वय के साथ अंतिम रूप देने को कहा गया। एयरपोर्ट पर स्वागत, रिसेप्शन लाइन और एम्स में प्रोटोकॉल संबंधी व्यवस्थाओं के लिए रायपुर कलेक्टर को आवश्यक निर्देश दिए गए।
सुरक्षा और चिकित्सा व्यवस्था पर विशेष जोर
उपराष्ट्रपति के प्रवास को देखते हुए एयरपोर्ट और एम्स परिसर में पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती के साथ सुरक्षा व्यवस्था मजबूत रखने के निर्देश दिए गए। गृह विभाग को आवश्यक कार्रवाई करने के साथ ही चिकित्सा सुविधाएं, आकस्मिक चिकित्सा सहायता, प्रकाश एवं विद्युत व्यवस्था और ठहरने से जुड़ी व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने को कहा गया।
प्रोटोकॉल के अनुसार होगी बैठक व्यवस्था
दीक्षांत समारोह में बैठक व्यवस्था भारत सरकार के निर्धारित प्रोटोकॉल और प्राप्त डायस प्लान के अनुसार करने के निर्देश दिए गए। कार्यक्रम की शुरुआत वंदे मातरम् और राष्ट्रगान सहित निर्धारित प्रोटोकॉल के अनुरूप होगी। मुख्य सचिव ने एम्स प्रबंधन और संबंधित अधिकारियों को समारोह की सभी व्यवस्थाएं समय पर और बेहतर ढंग से पूरी करने के निर्देश दिए।
बैठक में गृह एवं जेल विभाग की प्रमुख सचिव निहारिका बारिक, सामान्य प्रशासन विभाग के सचिव अविनाश चंपावत, मुख्यमंत्री के सचिव मुकेश कुमार बंसल, रायपुर कमिश्नर श्याम धावड़े, संयुक्त सचिव मयंक अग्रवाल, उप सचिव अंशिका पांडेय सहित रायपुर कलेक्टर, आईजी रायपुर, एम्स रायपुर के चिकित्सा अधिकारी और विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।