रायपुर। नगर पालिक निगम रायपुर के राजस्व विभाग द्वारा उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारियों एवं कर्मचारियों के सम्मान में "राजस्व सम्मान समारोह" का भव्य आयोजन किया गया। समारोह में सभापति सूर्यकांत राठौड़, राजस्व विभाग के प्रभारी अवतार सिंह बागल, आयुक्त संबित मिश्रा सहित जनप्रतिनिधि, वरिष्ठ अधिकारी और बड़ी संख्या में कर्मचारी उपस्थित रहे।

कार्यक्रम में राजस्व विभाग की उपलब्धियों का प्रस्तुतीकरण किया गया, जिसमें बताया गया कि जीआईएस आधारित ऑनलाइन संपत्तिकर प्रणाली लागू कर रायपुर नगर निगम ने देश के अग्रणी नगरीय निकायों में अपनी अलग पहचान बनाई है। ड्रोन सर्वे के जरिए शहर की संपत्तियों का डिजिटल मानचित्रण कर प्रत्येक संपत्ति को यूनिक आईडी और लाखों डिजिटल डोर नंबर उपलब्ध कराए गए हैं।

विभाग ने क्यूआर कोड, यूपीआई, नेट बैंकिंग, आरटीजीएस, एनईएफटी, बीबीपीएस और 'मोर रायपुर' मोबाइल ऐप जैसी सुविधाओं के माध्यम से नागरिकों के लिए 24×7 ऑनलाइन टैक्स भुगतान की व्यवस्था विकसित की है। इससे कर निर्धारण और भुगतान की प्रक्रिया पहले की तुलना में काफी तेज और पारदर्शी हुई है।

समारोह में विभिन्न श्रेणियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले जोनों, राजस्व अधिकारियों, निरीक्षकों, आईटी एवं जीआईएस टीमों तथा अन्य कर्मचारियों को प्रशस्ति पत्र और स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया। सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन की श्रेणी में जोन-5 को प्रथम, जोन-6 को द्वितीय और जोन-1 को तृतीय स्थान प्राप्त हुआ।

अधिकारियों ने कहा कि तकनीक आधारित पारदर्शी व्यवस्था और कर्मचारियों की मेहनत से राजस्व संग्रह में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है। भविष्य में भी डिजिटल सेवाओं और नवाचारों के माध्यम से नागरिकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने का संकल्प दोहराया गया।