बिलासपुर। जिले के बेलगहना चौकी क्षेत्र में सस्ते दाम पर सोने-चांदी के गहने दिलाने का झांसा देकर किसान से करीब 6 लाख रुपये की ठगी का मामला सामने आया है। ठगों ने किसान को सोने-चांदी से भरा घड़ा दिखाकर पहले उससे रकम ले ली और फिर अपने ही साथियों को पुलिसकर्मी बनाकर घड़ा रास्ते में जब्त करवा दिया।

बताया जा रहा है कि जालसाजों ने किसान को भरोसा दिलाया कि घड़े में सोने-चांदी के आभूषण हैं और वह उन्हें कम कीमत पर उपलब्ध करा सकते हैं। किसान उनके झांसे में आ गया और करीब 6 लाख रुपये देकर घड़ा हासिल कर लिया।

इसके बाद किसान जब घड़ा लेकर घर की ओर रवाना हुआ, तो रास्ते में पुलिस की वर्दी पहने कुछ लोगों ने उसे रोक लिया। आरोपियों ने खुद को पुलिसकर्मी बताकर चेकिंग के नाम पर घड़ा अपने कब्जे में ले लिया। इस दौरान किसान को शक नहीं हुआ कि पूरी घटना पहले से रची गई साजिश का हिस्सा है।

बाद में मामले का राज चाय की दुकान पर खुला, जिसके बाद किसान को ठगी का अहसास हुआ। घटना की जानकारी मिलने पर पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और ठगी में शामिल आरोपियों की पहचान तथा उनकी भूमिका की पड़ताल की जा रही है।