मुंगेली। जिले की ग्राम पंचायत डोड़ा के ग्राम डोड़ा में करीब 45 दिनों से बिजली संकट बना हुआ है। विद्युत ट्रांसफार्मर खराब होने के कारण ग्रामीणों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। बिजली व्यवस्था ठप होने से पेयजल आपूर्ति और खेती-किसानी समेत रोजमर्रा के जरूरी काम भी प्रभावित हो रहे हैं।
एक दिन बाद ही जल गया नया ट्रांसफार्मर
ग्रामीणों के अनुसार, समस्या दूर करने के लिए कुछ दिन पहले विद्युत विभाग ने गांव में 100 केवीए का नया ट्रांसफार्मर लगाया था। हालांकि शॉर्ट सर्किट होने के कारण यह ट्रांसफार्मर महज एक दिन बाद ही जल गया। इसके बाद गांव में दोबारा बिजली संकट गहरा गया।
2 से 3 किलोमीटर दूर से लाना पड़ रहा पानी
बिजली नहीं होने का सीधा असर गांव की पेयजल व्यवस्था पर पड़ा है। ग्रामीणों का कहना है कि पानी की व्यवस्था प्रभावित होने के कारण उन्हें पीने के पानी के लिए करीब 2 से 3 किलोमीटर दूर दूसरे गांव तक जाना पड़ रहा है। इससे खासकर रोजमर्रा के कामों में काफी दिक्कत हो रही है।
खेती-किसानी भी प्रभावित
ग्रामीणों के मुताबिक बिजली संकट के कारण कृषि कार्य भी प्रभावित हो रहे हैं। सिंचाई और अन्य जरूरी कामों के लिए बिजली पर निर्भर किसानों को परेशानी उठानी पड़ रही है। लंबे समय से समस्या का समाधान नहीं होने से ग्रामीणों में नाराजगी है।
बिना नहाए कलेक्ट्रेट पहुंचे ग्रामीण
समस्या की गंभीरता बताने के लिए ग्रामीण कलेक्ट्रेट पहुंचे और कलेक्टर के सामने अपनी परेशानी रखी। ग्रामीणों ने बिजली और पेयजल व्यवस्था जल्द बहाल कराने की मांग की है। उनका कहना है कि करीब डेढ़ महीने से जारी संकट के कारण गांव की सामान्य जिंदगी प्रभावित हो गई है।