दंतेवाड़ा, 13 अगस्त 2026 : बस्तर तिरंगा यात्रा के दौरान छत्तीसगढ़ के उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा और वन मंत्री केदार कश्यप दंतेवाड़ा जिले के श्यामगिरी स्थित शहादत स्थल पहुंचे। वहां उन्होंने वर्ष 2019 के नक्सली हमले में शहीद हुए तत्कालीन दंतेवाड़ा विधायक स्व. भीमा मंडावी सहित सभी वीर शहीदों को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। इस दौरान नेताओं ने शहीद भीमा मंडावी की धर्मपत्नी ओजस्वी मंडावी तथा अन्य बलिदानी जवानों के परिजनों से आत्मीय मुलाकात कर उनका कुशलक्षेम जाना और मौन रखकर शहीदों की स्मृतियों को नमन किया।
संबोधन के दौरान उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने कहा कि नक्सल हिंसा ने बस्तर के अनगिनत परिवारों को गहरे जख्म दिए हैं, लेकिन बस्तर की जनता के अटूट संकल्प और सुरक्षा बलों के त्याग के बल पर आज बस्तर की जनता जीत गई है और नक्सलवाद हार गया है। उन्होंने घोषणा की कि ग्रामीणों की मांग पर नकुलनार से बचेली मार्ग का नामकरण 'शहीद भीमा मंडावी मार्ग' किया जाएगा, जिसके लिए दंतेवाड़ा कलेक्टर को तत्काल आवश्यक प्रशासनिक प्रक्रिया पूर्ण करने के निर्देश दिए गए हैं।
'एक पेड़ शहीदों के नाम' अभियान के तहत मंत्रीद्वय ने अरनपुर और श्यामगिरी की घटनाओं के 13 शहीदों की पावन स्मृति में पौधरोपण किया तथा शहादत स्थल से पवित्र माटी संग्रहित की। इस दौरान नेताओं ने बिहान समूह की स्वसहायता महिलाओं से चर्चा कर उन्हें 'छत्तीसकला' ब्रांड के तहत लघु वनोपज प्रसंस्करण से जुड़ने के लिए प्रेरित किया। इसके साथ ही राष्ट्रपति भवन की यात्रा से लौटे अरनपुर के 'बस्तर पंडुम' विजेता मांदरी दल के कलाकारों से भी आत्मीय संवाद किया। कार्यक्रम में सांसद महेश कश्यप, जिला पंचायत अध्यक्ष नंदलाल मुड़ामी, बस्तर आईजी बद्री नारायण मीणा, कलेक्टर और एसपी सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।