रायपुर, 11 अगस्त। छत्तीसगढ़ ने गवर्नमेंट ई-मार्केटप्लेस (GeM) के माध्यम से पारदर्शी और जवाबदेह शासकीय खरीदी के क्षेत्र में देश स्तर पर बड़ी उपलब्धि हासिल की है। नई दिल्ली में आयोजित GeM के 10वें स्थापना दिवस समारोह में केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल की उपस्थिति में राज्य को 'GeM सस्टेनेबल प्रोक्योरमेंट अवार्ड' से सम्मानित किया गया। 'प्रीमियर अवार्ड्स – स्टेट गवर्नमेंट फेलिसिटेशन' श्रेणी के तहत छत्तीसगढ़ को यह सम्मान डिजिटल प्लेटफॉर्म के प्रभावी उपयोग, खरीदी की मात्रा में रिकॉर्ड बढ़ोतरी और सूक्ष्म एवं लघु उद्यमों (MSEs) को बड़े पैमाने पर प्रोत्साहन देने के लिए दिया गया है।
राज्य शासन द्वारा पारदर्शी डिजिटल व्यवस्था को अपनाने से वित्तीय वर्ष 2025-26 में GeM के जरिए कुल सरकारी खरीदी बढ़कर ₹3,935 करोड़ तक पहुंच गई है, जो पिछले वित्तीय वर्ष की तुलना में 113 प्रतिशत की ऐतिहासिक वृद्धि दर्शाती है। खुली प्रतिस्पर्धा और मानकीकृत निविदा प्रक्रिया के कारण वित्तीय वर्ष 2025-26 में राज्य सरकार को अनुमानित बजट से ₹130 करोड़ की सीधी वित्तीय बचत हुई है, जबकि पिछले तीन वर्षों में यह बचत कुल ₹235 करोड़ रही है। इस पारदर्शी मॉडल से न केवल बिचौलियों की भूमिका समाप्त हुई है, बल्कि हर स्तर पर डिजिटल और ऑडिट योग्य रिकॉर्ड सुनिश्चित हुआ है।
GeM के जरिए राज्य के छोटे और स्थानीय व्यवसायियों को भी सीधा सरकारी बाजार मिला है। वित्तीय वर्ष 2025-26 में सूक्ष्म एवं लघु उद्यमों (MSEs) से खरीदी 61 प्रतिशत बढ़कर ₹1,800 करोड़ पहुंच गई है। विशेष रूप से महिला उद्यमियों से खरीदी में 97%, अनुसूचित जाति-जनजाति वर्ग से 108% और स्टार्टअप्स से खरीदी में 178% की अभूतपूर्व वृद्धि दर्ज की गई है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने इस उपलब्धि पर हर्ष जताते हुए कहा कि यह डिजिटल मार्केटप्लेस राज्य के सूक्ष्म, लघु व स्थानीय उद्यमियों, महिलाओं और युवाओं को समान अवसर देकर 'विकसित छत्तीसगढ़' के निर्माण में महत्वपूर्ण योगदान दे रहा है।