भिलाई। सूर्या मॉल स्थित सेंशेसन स्पा सेंटर में अवैध गतिविधियों की शिकायत के बाद पुलिस ने छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान स्पा सेंटर के भीतर कुछ युवतियां और अन्य लोग मौजूद मिले। हालांकि पुलिस की जांच में मौके पर किसी तरह की अनैतिक गतिविधि की पुष्टि नहीं हुई।
बताया गया कि मॉल प्रबंधन की ओर से संबंधित परिसर की बिजली और पानी की सप्लाई पहले ही बंद कर दी गई थी। इसके बावजूद स्पा सेंटर के भीतर लोगों की मौजूदगी की सूचना मिलने पर पुलिस ने कार्रवाई की और वहां मौजूद लोगों को बाहर निकाला।
पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए स्पा सेंटर के संचालक और वहां मिली युवतियों से बाउंड ओवर की कार्रवाई कराई। इसका उद्देश्य भविष्य में किसी तरह की संदिग्ध या अवैध गतिविधि सामने आने पर कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित करना है।
फिलहाल पुलिस की जांच में मौके पर अनैतिक कार्य किए जाने की पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस ने स्पा सेंटर की गतिविधियों और वहां लोगों की मौजूदगी को लेकर आवश्यक जानकारी जुटाई है। आगे भी संदिग्ध गतिविधियों की शिकायत मिलने पर कार्रवाई की चेतावनी दी गई है।