रायपुर। रायपुर नगर पालिक निगम के आयुक्त संबित मिश्रा ने जोन-9 अंतर्गत फुण्डहर गोधाम और जोन-6 अंतर्गत गोकूल नगर गोधाम का प्रत्यक्ष निरीक्षण किया। उन्होंने दोनों गोधामों में गोवंश के लिए उपलब्ध व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए अधिकारियों को नियमित मॉनिटरिंग के साथ व्यवस्थाओं को सुचारू बनाए रखने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान आयुक्त ने गोवंश के लिए दाना, चारा और पर्याप्त पानी की उपलब्धता सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया। उन्होंने गोधाम परिसर में स्वच्छता बनाए रखने और गोवंश की सुरक्षा के लिए आवश्यक इंतजाम करने के निर्देश दिए। साथ ही शासकीय पशु चिकित्सकों के मार्गदर्शन में गोवंश की समय-समय पर चिकित्सकीय जांच और टीकाकरण की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा।

आयुक्त ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि गोधामों में व्यवस्थाओं की लगातार निगरानी की जाए, ताकि किसी भी स्तर पर लापरवाही न हो। शासन के निर्देशों के अनुरूप गोवंश की देखभाल, स्वास्थ्य और सुरक्षा से जुड़ी सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए।

निरीक्षण के दौरान नगर निगम अपर आयुक्त विनोद पाण्डेय, उपायुक्त जसदेव सिंह बाबरा, जोन-6 जोन कमिश्नर हितेन्द्र यादव, कार्यपालन अभियंता शरद ध्रुव, दिनेश सिन्हा सहित नगर निगम के अन्य संबंधित अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।