बलरामपुर। वाड्रफनगर के मुख्य बाजार स्थित अरविंद ज्वेलर्स में हुई लाखों रुपये की चोरी का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। बलरामपुर पुलिस ने बिहार के रोहतास जिले में कार्रवाई करते हुए अंतरराज्यीय गिरोह के सात आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनमें चोरी की वारदात को अंजाम देने वाले छह आरोपी और चोरी का माल खरीदने वाला एक सुनार शामिल है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 14.175 किलोग्राम चांदी की सिल्लियां, पिकअप वाहन, मोटरसाइकिल, मोबाइल फोन, सब्बल और नकदी बरामद की है। 

CCTV Investigation: फुटेज और तकनीकी जांच से खुला मामला

पुलिस के अनुसार अरविंद ज्वेलर्स में 16 अगस्त की रात दुकान बंद होने के बाद चोरी हुई थी। आरोपियों ने शटर तोड़कर दुकान में प्रवेश किया और चांदी के आभूषणों के साथ सोने के जेवर, गिल्ट और नकदी चोरी कर ली। मामले की जांच के दौरान पुलिस ने घटनास्थल के सुराग, CCTV फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों का विश्लेषण किया। आरोपियों की लोकेशन बिहार के रोहतास जिले में मिलने के बाद पुलिस टीम वहां पहुंची। 

Inter-State Gang: दो दिन रेकी के बाद वारदात

जांच में सामने आया कि आरोपी पिकअप और मोटरसाइकिल से वाड्रफनगर पहुंचे थे। पुलिस के मुताबिक गिरोह ने इलाके की रेकी करने के बाद लोहे के सब्बल से ज्वेलरी दुकान का शटर तोड़ा और चोरी को अंजाम दिया। वारदात के बाद आरोपी चोरी का सामान लेकर बिहार फरार हो गए। 

Silver Recovery: चोरी की चांदी गलाकर बनाई सिल्लियां

पुलिस पूछताछ में चोरी के माल को बिहार में बेचने की बात सामने आई। आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने चोरी की चांदी को गलाकर तैयार की गई 14.175 किलो चांदी की सिल्लियां बरामद कीं। इसके अलावा घटना में इस्तेमाल पिकअप, मोटरसाइकिल, सब्बल, मोबाइल फोन और नकदी भी जब्त की गई है। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।