बिलासपुर। नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग ने महापुरुषों और महान विभूतियों की प्रतिमाओं के संरक्षण, सुरक्षा और रखरखाव को लेकर नए दिशा-निर्देश जारी किए हैं। 19 अगस्त 2026 को जारी परिपत्र के अनुसार सभी नगरीय निकायों को अपने क्षेत्र में स्थापित प्रतिमाओं की सूची तैयार करनी होगी और प्रत्येक प्रतिमा की देखरेख की जिम्मेदारी संबंधित अधिकारी या कर्मचारी को सौंपनी होगी।
निर्देशों के तहत नगरीय निकायों को प्रतिमाओं की नियमित साफ-सफाई, आसपास के क्षेत्र की स्वच्छता और सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करनी होगी। प्रतिमाओं की स्थिति की समय-समय पर जांच कर आवश्यक मरम्मत और रखरखाव भी कराया जाएगा। इसके साथ ही प्रतिमाओं की गरिमा और सम्मान बनाए रखने के लिए विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए हैं।
विभाग ने कहा है कि महापुरुषों की प्रतिमाएं समाज के लिए प्रेरणा और गौरव का प्रतीक हैं। इनके संरक्षण में किसी तरह की लापरवाही नहीं होनी चाहिए। नगरीय निकायों को प्रतिमाओं के रखरखाव और सुरक्षा की स्थिति की रिपोर्ट प्रत्येक तीन महीने में प्रस्तुत करनी होगी। प्रतिमाओं के माध्यम से महापुरुषों की गरिमा से खिलवाड़ होने की स्थिति में जिम्मेदारों पर आवश्यक कार्रवाई भी की जा सकती है।