रायपुर, 23 अगस्त 2026। चिकित्सा शिक्षा मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने कहा है कि छत्तीसगढ़ के विद्यार्थियों के हितों के साथ किसी भी तरह की अनदेखी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। प्रदेश में मेडिकल कॉलेजों और MBBS सीटों में बढ़ोतरी का उद्देश्य अधिक से अधिक स्थानीय विद्यार्थियों को चिकित्सा शिक्षा का अवसर उपलब्ध कराना है।
मंत्री ने कहा कि डोमिसाइल को लेकर किसी भी तरह की शिकायत या शंका सामने आने पर उसकी गंभीरता से जांच कराई जाएगी। जिन अभ्यर्थियों के दस्तावेज सही हैं, उन्हें चिंता करने की आवश्यकता नहीं है। वहीं नियमों का उल्लंघन या फर्जीवाड़ा पाए जाने पर नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
NEET UG Counselling 2026 में दस्तावेजों का होगा सत्यापन
छत्तीसगढ़ राज्य काउंसलिंग समिति द्वारा नीट यूजी प्रवेश वर्ष 2026 की राज्य स्तरीय काउंसलिंग प्रक्रिया ऑनलाइन माध्यम से संचालित की जा रही है। प्रवेश नियमों के अनुसार पंजीयन, प्राथमिकता क्रम, सीट आवंटन, मूल दस्तावेजों की संवीक्षा और प्रवेश की प्रक्रिया निर्धारित की गई है।
नियम 7 के तहत अभ्यर्थियों के मूल निवासी प्रमाण-पत्र, श्रेणी या संवर्ग संबंधी प्रमाण-पत्र सहित अन्य आवश्यक दस्तावेजों का सत्यापन किया जाएगा। सीट आवंटन के बाद मूल दस्तावेज प्रस्तुत करने और सत्यापन में पात्र पाए जाने के बाद ही प्रवेश प्रक्रिया पूर्ण मानी जाएगी।
गलत जानकारी देने पर रद्द हो सकता है एडमिशन
प्रवेश नियमों के तहत यदि कोई अभ्यर्थी गलत या झूठी जानकारी देकर अथवा महत्वपूर्ण तथ्यों को छिपाकर प्रवेश प्राप्त करता है, तो उसका प्रवेश निरस्त किया जा सकता है। प्रवेश के बाद भी यदि दस्तावेजों या पात्रता में कोई गड़बड़ी सामने आती है, तो नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
मूल निवासी प्रमाण-पत्र अथवा अन्य दस्तावेजों को लेकर शिकायत मिलने पर संबंधित मामले की जांच की जाएगी। राज्य काउंसलिंग समिति ने स्पष्ट किया है कि पात्र विद्यार्थियों के हितों की सुरक्षा के साथ प्रवेश प्रक्रिया में पारदर्शिता बनाए रखना प्राथमिकता है।
अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील
काउंसलिंग समिति ने अभ्यर्थियों से अपील की है कि वे सोशल मीडिया या अन्य माध्यमों से मिलने वाली अफवाहों और भ्रामक जानकारी पर भरोसा न करें। किसी भी समस्या या शिकायत की स्थिति में अधिकृत काउंसलिंग पोर्टल के Candidate Login में उपलब्ध Candidates Grievances and Query Redressal System के जरिए शिकायत दर्ज की जा सकती है।