रायपुर, 17 अगस्त 2026। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की पहल से आर्थिक रूप से कमजोर परिवार के 21 वर्षीय अविनाश नायक का रायपुर के डीकेएस अस्पताल में सफल उपचार संभव हो सका। फरसाबहार विकासखंड के ग्राम पंडरीपानी निवासी अविनाश को जन्म से ही बाएं पैर के अंगूठे और एक अन्य अंगुली में मांसपेशियों एवं हड्डी के असामान्य रूप से बढ़ने की समस्या थी। उम्र बढ़ने के साथ परेशानी बढ़ती गई और उन्हें चलने-फिरने सहित रोजमर्रा के कामों में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा था। परिवार की आर्थिक स्थिति कमजोर होने के कारण बेहतर इलाज और ऑपरेशन कराना संभव नहीं हो पा रहा था।

अविनाश ने कुछ वर्ष पहले उपचार के लिए जिला अस्पताल में चिकित्सकों से संपर्क किया था। जांच के बाद उन्हें बेहतर उपचार के लिए बड़े चिकित्सा संस्थान में जाने की सलाह दी गई। इलाज का खर्च उठाने में असमर्थ परिवार ने मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय बगिया में सहायता के लिए आवेदन किया। कैंप कार्यालय ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल पहल की और अविनाश को रायपुर भेजकर डीकेएस अस्पताल में विशेषज्ञ चिकित्सकों की देखरेख में उपचार एवं ऑपरेशन कराया गया। सफल उपचार के बाद अविनाश की स्थिति में काफी सुधार हुआ है और अब वे पहले की तुलना में आसानी से चल-फिर पा रहे हैं।

New Hope: स्वस्थ होकर मुख्यमंत्री से मिले अविनाश, जताया आभार

स्वस्थ होने के बाद अविनाश मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय बगिया पहुंचे और मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय से मुलाकात की। उन्होंने मुख्यमंत्री को बताया कि उपचार के बाद उनकी स्थिति में काफी सुधार आया है और वे अब अपने दैनिक कार्य पहले की तुलना में अधिक सहजता से कर पा रहे हैं। अविनाश ने मुश्किल समय में सहायता उपलब्ध कराने के लिए मुख्यमंत्री के प्रति आभार जताया। मुख्यमंत्री ने भी उनके स्वस्थ होने पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उनके उज्ज्वल और स्वस्थ भविष्य की कामना की। यह पहल आर्थिक रूप से कमजोर जरूरतमंद लोगों के लिए समय पर चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण उदाहरण के रूप में सामने आई है।