रायपुर, 7 सितंबर 2026। छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट को नया मुख्य न्यायाधीश मिल गया है। राज्यपाल रमेन डेका ने सोमवार को लोकभवन स्थित छत्तीसगढ़ मंडपम् में न्यायमूर्ति कृष्न राम महापात्र (Krushna Ram Mohapatra) को छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट के मुख्य न्यायाधीश पद की शपथ दिलाई। शपथ ग्रहण के बाद राज्यपाल ने उन्हें राष्ट्रपति द्वारा जारी मूल वारंट की प्रति सौंपी और नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं दीं।
मुख्य न्यायाधीश कृष्न राम महापात्र इससे पहले उड़ीसा हाईकोर्ट के वरिष्ठ न्यायाधीश के रूप में कार्यरत थे। छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट के मुख्य न्यायाधीश के रूप में उनकी नियुक्ति के बाद राज्य की न्यायिक व्यवस्था को नया नेतृत्व मिला है। वह छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट के 16वें मुख्य न्यायाधीश होंगे।
समारोह में मुख्यमंत्री समेत कई जनप्रतिनिधि मौजूद
शपथ ग्रहण समारोह में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय, उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा, स्कूल शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव, स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल, केंद्रीय कृषि राज्य मंत्री तोखन साहू, पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल, पूर्व राज्यपाल रमेश बैस समेत कई जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। राज्यसभा सांसद लक्ष्मी वर्मा, विधायक सुनील सोनी, अनुज शर्मा सहित अन्य गणमान्य लोग भी समारोह में शामिल हुए।
इस अवसर पर मुख्य न्यायाधीश महापात्र की पत्नी अनिता महापात्र तथा छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट के न्यायाधीशगण भी उपस्थित रहे। समारोह में राज्य शासन और न्यायपालिका से जुड़े वरिष्ठ अधिकारी एवं अधिवक्तागण भी मौजूद रहे।
मुख्य सचिव ने पढ़ा राष्ट्रपति का वारंट
शपथ ग्रहण समारोह का संचालन मुख्य सचिव विकास शील ने किया। उन्होंने राष्ट्रपति द्वारा जारी नियुक्ति संबंधी वारंट का वाचन किया। इसके बाद राज्यपाल ने न्यायमूर्ति कृष्न राम महापात्र को मुख्य न्यायाधीश पद की शपथ दिलाई।
कार्यक्रम में अपर मुख्य सचिव सुब्रत साहू, गृह विभाग की प्रमुख सचिव निहारिका बारिक, पुलिस महानिदेशक अरूण देव गौतम, राज्यपाल के सचिव डॉ. सी.आर. प्रसन्ना, महाधिवक्ता विवेक शर्मा और हाईकोर्ट के रजिस्ट्रार जनरल रजनीश श्रीवास्तव सहित वरिष्ठ अधिकारी और हाईकोर्ट के अधिवक्ता उपस्थित रहे।
न्यायिक व्यवस्था के लिए नई जिम्मेदारी
न्यायमूर्ति कृष्न राम महापात्र के मुख्य न्यायाधीश बनने के साथ छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट को न्यायिक नेतृत्व में नया चेहरा मिला है। उनके सामने न्यायिक मामलों के प्रभावी संचालन के साथ न्याय प्रक्रिया को सुचारु बनाए रखने की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी होगी।