बिलासपुर, 6 सितंबर 2026। 26वीं राज्य स्तरीय शालेय क्रीड़ा प्रतियोगिता का समापन बिलासपुर में हुआ। चार दिवसीय प्रतियोगिता में प्रदेश के पांचों संभागों से 845 खिलाड़ियों और 150 से अधिक ऑफिशियल्स ने हिस्सा लिया। बेसबॉल, तैराकी और वाटर पोलो की स्पर्धाओं में खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया। बिलासपुर संभाग ने 3800 अंक हासिल कर ओवरऑल चैंपियन का खिताब अपने नाम किया।
समापन समारोह में उप मुख्यमंत्री एवं खेल एवं युवा कल्याण मंत्री अरुण साव मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उन्होंने विजेता खिलाड़ियों को पुरस्कार प्रदान कर उनका उत्साह बढ़ाया और कहा कि छत्तीसगढ़ में खेल प्रतिभाओं की कमी नहीं है। जरूरत प्रतिभाओं को पहचानने, उन्हें तराशने और आगे बढ़ने के बेहतर अवसर देने की है।
‘जो खेलेगा, वही खिलेगा’ : अरुण साव
उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने कहा कि खेल के मैदान में मेहनत और संघर्ष करने वाले खिलाड़ी ही सफलता की ऊंचाइयों तक पहुंचते हैं। उन्होंने कहा कि ‘जो खेलेगा, वही खिलेगा’ और सरकार खेल प्रतिभाओं के सर्वांगीण विकास के लिए लगातार काम कर रही है।
उन्होंने खेलो इंडिया के माध्यम से खिलाड़ियों को मिल रहे अवसरों का उल्लेख करते हुए कहा कि राज्य में बस्तर एवं सरगुजा ओलंपिक का आयोजन किया गया है। छत्तीसगढ़ को खेलो इंडिया नेशनल ट्राइबल गेम्स की मेजबानी का अवसर भी मिला है। खेल अलंकरण को दोबारा शुरू करने और उत्कृष्ट खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करने के लिए भी कदम उठाए गए हैं।
खेलों के लिए 100 करोड़ रुपये का प्रावधान
अरुण साव ने बताया कि 29 अगस्त को राज्य सरकार की ओर से खिलाड़ियों को प्रोत्साहन के रूप में 1 करोड़ 74 लाख रुपये की राशि प्रदान की गई है। अक्टूबर के अंतिम सप्ताह में छत्तीसगढ़ हॉकी लीग आयोजित किए जाने की जानकारी भी दी गई।
उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री खेल उत्कर्ष योजना के लिए इस वर्ष के बजट में 100 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है। इसके माध्यम से खेल अधोसंरचना के साथ स्पोर्ट्स साइंस को भी मजबूत करने पर जोर दिया जाएगा।
बिलासपुर में आयोजित हुईं तीन प्रमुख स्पर्धाएं
चार दिवसीय राज्य स्तरीय शालेय क्रीड़ा प्रतियोगिता का आयोजन संजय तरण पुष्कर और छत्तीसगढ़ स्कूल खेल मैदान में किया गया। इसमें बेसबॉल, तैराकी और वाटर पोलो की प्रतियोगिताएं हुईं।
पांचों संभागों के खिलाड़ियों ने अलग-अलग स्पर्धाओं में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। सभी प्रतियोगिताओं में बेहतर प्रदर्शन के चलते बिलासपुर संभाग ने सर्वाधिक 3800 अंक अर्जित कर ओवरऑल चैंपियन का खिताब हासिल किया।
शिक्षा के साथ खेल भी जरूरी : अमर अग्रवाल
बिलासपुर विधायक अमर अग्रवाल ने कहा कि शिक्षा के साथ शारीरिक और मानसिक रूप से स्वस्थ रहना भी जरूरी है। इसमें खेलों की महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने कहा कि खेलों को बढ़ावा देने वाली नीतियों के कारण भारतीय खिलाड़ी अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी बेहतर प्रदर्शन कर रहे हैं।
खेल प्रतिस्पर्धा से भविष्य को मिलती है दिशा : धरमलाल कौशिक
बिल्हा विधायक धरमलाल कौशिक ने कहा कि खेलों के माध्यम से छत्तीसगढ़ को नई पहचान दिलाने के प्रयास जारी हैं। खेल मैदान में होने वाली प्रतिस्पर्धा खिलाड़ियों में आत्मविश्वास और अनुशासन विकसित करती है, जो उनके भविष्य के लिए उपयोगी है।
उन्होंने खिलाड़ियों से अपने परिवार, छत्तीसगढ़ और देश का नाम रोशन करने के लिए पूरी मेहनत से आगे बढ़ने का आह्वान किया।
समापन समारोह में मस्तुरी विधायक दिलीप लहरिया, छत्तीसगढ़ पाठ्य पुस्तक निगम के अध्यक्ष राजा पाण्डेय, अपर कलेक्टर शिव कुमार बनर्जी, संयुक्त संचालक शिक्षा संभाग बिलासपुर अश्वनी कुमार भारद्वाज, जिला शिक्षा अधिकारी वर्षा शर्मा सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी-कर्मचारी और बड़ी संख्या में खेलप्रेमी मौजूद रहे।